होमकृषिराजस्थान में मानसून सुस्त, 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट
कृषि

राजस्थान में मानसून सुस्त, 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट

राजस्थान में मानसून सुस्त, 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून के कमजोर फेज का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। अगस्त के महीने में भी राजस्थान…

Hindustan के अनुसार22 अगस्त 2026 को 07:54 am बजे
राजस्थान में मानसून सुस्त, 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट

सौजन्य से:- Hindustan

राजस्थान में मानसून सुस्त, 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट

प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून के कमजोर फेज का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। अगस्त के महीने में भी राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

राजस्थान में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। प्रदेश में बारिश का दौर कमजोर होने से कई जिलों में उमस और गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार (22 अगस्त) को पूर्वी राजस्थान के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, शुक्रवार को जारी अलर्ट के बावजूद ज्यादातर जिलों में बारिश नहीं हुई। जिन इलाकों में बारिश हुई, वहां भी इसका असर सीमित रहा।

प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून के कमजोर फेज का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। अगस्त के महीने में भी राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

21 अगस्त को अलर्ट के बावजूद 11 जिलों में मौसम साफ

मौसम विभाग ने शुक्रवार (21 अगस्त) को सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था। इसके बावजूद इनमें से 11 जिलों में मौसम लगभग साफ रहा।

बारिश हुई भी तो बहुत कम। बारां के किशनगंज और अटरू में कुल 9 MM, भरतपुर के बयाना, उच्चैन और वैर में 6 MM, धौलपुर में 5 MM और कोटा के कानावास में 3 MM बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, उदयपुर के मावली में 1 MM बारिश हुई, जबकि यहां बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था।

श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री पहुंचा तापमान

बारिश की कमी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ रही है। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में 39, बीकानेर में 37.4, फलोदी में 37, फतेहपुर में 36.5, हनुमानगढ़ में 36.3 और झुंझुनूं में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

वहीं, दिन का सबसे कम अधिकतम तापमान प्रतापगढ़ में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

ट्रफ लाइन राजस्थान से दूर, इसलिए कमजोर पड़ा मानसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दौरान जिस क्षेत्र से ट्रफ लाइन गुजरती है, उसके आसपास बारिश की गतिविधियां अधिक रहती हैं। ट्रफ लाइन के एक ओर बंगाल की खाड़ी से पाकिस्तान की ओर और दूसरी ओर पाकिस्तान से बंगाल की खाड़ी की तरफ हवाएं चलती हैं। इन हवाओं के बीच बनने वाले टर्बुलेंस क्षेत्र को ट्रफ कहा जाता है। इसी क्षेत्र और इसके आसपास अच्छी बारिश होती है।

फिलहाल मानसून ट्रफ उत्तर भारत के अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, डालटनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसका बड़ा हिस्सा राजस्थान से दूर होने के कारण प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर हैं।

जयपुर में बादल छाए, बारिश नहीं हुई

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को बारिश का अलर्ट था, लेकिन इसके बावजूद बारिश नहीं हुई। दिनभर हल्के बादल छाए रहे और धूप कमजोर रही। बारिश नहीं होने के कारण उमस बढ़ गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा। शनिवार को भी जयपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।

कोटा में लगातार चौथे दिन नहीं बरसे बादल

कोटा में भी बारिश का यलो अलर्ट जारी होने के बावजूद शुक्रवार को कहीं बारिश नहीं हुई। जिले में लगातार चौथा दिन ऐसा रहा जब बादल छाए, लेकिन बरसे नहीं। दोपहर में हल्की धूप निकलने से तापमान करीब 2 डिग्री बढ़ गया। लोगों को गर्मी और उमस से परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

अजमेर-उदयपुर में भी मानसून सुस्त

अजमेर में बारिश का अलर्ट होने के बावजूद शुक्रवार को बारिश नहीं हुई। उमस और गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। यहां अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उदयपुर में सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन बाद में तेज धूप निकल आई। दिनभर बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

सीकर और अलवर में भी बारिश का इंतजार

सीकर में सुबह बादल छाए, लेकिन करीब 11 बजे के बाद तेज धूप निकल आई। दिन का तापमान 36.5 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फिलहाल यहां बारिश का कोई नया पूर्वानुमान नहीं है।

अलवर में भी मौसम सामान्य रहा। दोपहर में धूप निकलने के साथ उमस बढ़ गई और गर्मी का अहसास हुआ। यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 22 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पिछले दिनों अलर्ट के बावजूद सीमित बारिश को देखते हुए प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर ही बनी हुई है।

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें