BRICS 2026 : जयपुर में आज ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक शुरू, जीरो ड्राफ्ट पर होगा मंथन
BRICS 2026 : जयपुर में आज ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक शुरू, जीरो ड्राफ्ट पर होगा मंथन आज से जयपुर में ब्रिक्स देशों के पर्यटन मंत्रियों का मंथन शुरू हुआ. Published : August 21, 2026 at 12:29 PM IST जयपुर : भारत की स…

सौजन्य से:- ETV Bharat
BRICS 2026 : जयपुर में आज ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक शुरू, जीरो ड्राफ्ट पर होगा मंथन
आज से जयपुर में ब्रिक्स देशों के पर्यटन मंत्रियों का मंथन शुरू हुआ.
Published : August 21, 2026 at 12:29 PM IST
जयपुर : भारत की साल 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत जयपुर के रामबाग पैलेस में आज ब्रिक्स देशों के पर्यटन मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई. दो दिवसीय मंत्रिस्तरीय बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के पर्यटन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं. बैठक का मुख्य मकसद पर्यटन क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना, पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाना और पर्यटन को अधिक टिकाऊ और जिम्मेदार बनाना है.
बैठक की शुरुआत सुबह 10:30 बजे हुई. इसके बाद सुबह 11 बजे सामूहिक फोटो कार्यक्रम हुआ और 11:05 बजे उद्घाटन सत्र शुरू हुआ. केंद्रीय पर्यटन संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत स्वागत संबोधन देंगे. सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक ब्रिक्स सदस्य देशों के पर्यटन मंत्रियों के वक्तव्य का कार्यक्रम है. बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के पर्यटन मंत्री या प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे से मंत्रिस्तरीय विचार-विमर्श होगा, जिसमें पर्यटन सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच चर्चा होगी.
जीरो ड्राफ्ट पर होगा विस्तार से मंथन :बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा जीरो ड्राफ्ट पर चर्चा और उसे आगे अंतिम रूप देने की दिशा में बढ़ना होगा. जीरो ड्राफ्ट ब्रिक्स देशों के साझा पर्यटन एजेंडे का शुरुआती खाका है. सदस्य देश मसौदे में शामिल प्रावधानों पर अपने सुझाव और संभावित संशोधन रखेंगे. चर्चा के बाद साझा सहमति के आधार पर इसे अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद है. भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान पर्यटन क्षेत्र के लिए चार प्रमुख प्राथमिकताएं तय की गई हैं. इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता और पर्यटन, सतत और जिम्मेदार पर्यटन, पर्यटन कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण तथा पर्यटन आदान-प्रदान और निर्बाध यात्रा शामिल हैं. मंत्रिस्तरीय बैठक में इन सभी विषयों पर व्यापक चर्चा होगी.
पर्यटन में एआई और डिजिटल तकनीक पर जोर :बैठक में पर्यटन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर साझा रणनीति तैयार करने को लेकर चर्चा हो सकती है. डिजिटल पर्यटन सेवाओं को बेहतर बनाने, यात्रियों को सुविधाजनक जानकारी उपलब्ध कराने और तकनीक के जरिए पर्यटन अनुभव को अधिक सहज बनाने पर सदस्य देश अपने विचार साझा करेंगे. इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र में युवाओं के लिए कौशल विकास और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहेगा. पर्यटन उद्योग के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने, सदस्य देशों के बीच प्रशिक्षण और अनुभव साझा करने तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करने की संभावनाओं पर चर्चा होगी.
सतत पर्यटन और विरासत संरक्षण पर भी फोकस : बैठक में सतत और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के बीच संतुलन बनाने पर भी मंथन होगा. ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी. स्थानीय समुदायों और हस्तशिल्प को पर्यटन से जोड़ना भी महत्वपूर्ण विषय रहेगा. स्थानीय लोगों को पर्यटन से रोजगार और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने तथा समुदाय आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के उपायों पर सदस्य देश विचार कर सकते हैं.
पढे़ं.जयपुर में BRICS पर्यटन बैठकों की शुरुआत, 10 देशों के प्रतिनिधियों ने किया सल्टनेबल ट्यूरिज्म पर मंथन
पर्यटकों की आवाजाही आसान बनाने पर जोर :ब्रिक्स देशों के बीच पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और निर्बाध यात्रा भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल है. पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और यात्रा संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने पर विचार-विमर्श होगा. इससे ब्रिक्स देशों के बीच पर्यटन आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. मंत्रिस्तरीय चर्चा के बाद दोपहर में भारत और अन्य ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं. इन बैठकों में पर्यटन क्षेत्र में आपसी सहयोग, कनेक्टिविटी, निवेश, कौशल विकास और पर्यटन आदान-प्रदान जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. शाम 7:30 बजे महारानी महल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा. इसके जरिए विदेशी प्रतिनिधियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और परंपराओं से परिचित कराया जाएगा.
कार्य समूह की बैठक के बाद अब मंत्रिस्तरीय मंथन :ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक 19 और 20 अगस्त को जयपुर में हुई ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह की बैठक के बाद हो रही है. कार्य समूह की बैठक में सदस्य देशों के बीच पर्यटन सहयोग के चार प्रमुख क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा हुई थी. अब मंत्रिस्तरीय बैठक में उन चर्चाओं और सुझावों को राजनीतिक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा. बैठक से पहले केंद्रीय पर्यटन संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से जब बैठक के एजेंडे को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि पहले मंत्रिस्तरीय चर्चा होने दी जाए. उन्होंने कहा कि चर्चा पूरी होने के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी जाएगी. भारत की अध्यक्षता में हो रही यह बैठक ब्रिक्स देशों के बीच पर्यटन सहयोग को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक के परिणामों से साझा पर्यटन एजेंडे को आगे बढ़ाने, पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने और सदस्य देशों के बीच लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने की उम्मीद है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर में सीईटीपी की समस्या से 308 टेक्सटाइल इकाइयां बंद हुई - Jaipur News

BRICS पर्यटन मंत्रियों की बैठक आज, ईरान के पर्यटन मंत्री डॉ. सैयद अमीरी पहुंचे जयपुर

लीसेस्टर मेले में राजस्थानी रंग : जयपुर की गरिमा कछावा ने ब्रिटेन में बढ़ाया मान, बिखेरे लोक संस्कृति के रंग


