मानसून ने बदली राजस्थान की तस्वीर: सीकर में जलभराव, जयपुर में झमाझम बारिश
मानसून ने बदली राजस्थान की तस्वीर: सीकर में जलभराव, जयपुर में झमाझम बारिश प्रदेश में सबसे ज्यादा असर सीकर जिले में देखने को मिला। देर रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। शहर में तीन इंच से ज्यादा ब…

सौजन्य से:- Hindustan
मानसून ने बदली राजस्थान की तस्वीर: सीकर में जलभराव, जयपुर में झमाझम बारिश
प्रदेश में सबसे ज्यादा असर सीकर जिले में देखने को मिला। देर रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। शहर में तीन इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
राजस्थान में करीब दो सप्ताह के लंबे ब्रेक के बाद मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सोमवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर कई जिलों में मंगलवार सुबह तक जारी रहा। राजधानी जयपुर में रातभर हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया, वहीं सीकर में मूसलाधार बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी से सक्रिय होंगी मानसूनी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरी मानसूनी हवाएं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सक्रिय हो रही हैं। इसका असर अब पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। विभाग का अनुमान है कि कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में मंगलवार को मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
बुधवार से भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मानसून और ज्यादा सक्रिय रहेगा। खासतौर पर जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। लगातार बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।
सीकर में तीन इंच से ज्यादा बारिश, सड़कें जलमग्न
प्रदेश में सबसे ज्यादा असर सीकर जिले में देखने को मिला। देर रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। शहर में तीन इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। नवलगढ़ रोड पर करीब चार फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो सीकर ग्रामीण क्षेत्र में 119 एमएम, धोद में 116 एमएम, पलसाना में 42 एमएम, रींगस में 45 एमएम और लक्ष्मणगढ़ में 38 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। कई निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जयपुर में रातभर बरसे बादल, तीन डिग्री लुढ़का पारा
राजधानी जयपुर में सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। लगातार बारिश से शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया और अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री गिरकर 34.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी जयपुर में तेज बारिश की संभावना जताई है।
करौली में सबसे ज्यादा 32 एमएम बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक बारिश करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र में 32 एमएम दर्ज की गई। इसके अलावा भीलवाड़ा, वनस्थली, कोटा, दौसा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और अलवर सहित कई जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई। अलवर में करीब दो घंटे तक रुक-रुककर तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।
कई शहरों में मौसम बदला, राहत के साथ उमस भी बरकरार
उदयपुर में सोमवार शाम हल्की बारिश दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अजमेर में दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली, हालांकि नमी के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई। कोटा में भी दिनभर बादल छाए रहे और तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
जोधपुर में फिलहाल बारिश का इंतजार जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने 22 से 26 जुलाई तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार से यहां मौसम बदलने और हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है।
मानसून लौटा, लेकिन श्रीगंगानगर अब भी सबसे गर्म
एक तरफ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश ने राहत दी है, वहीं लंबे मानसून ब्रेक का असर अब भी पश्चिमी राजस्थान में दिखाई दे रहा है। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जुलाई के सामान्य तापमान से करीब 1.5 डिग्री अधिक है। बीकानेर में भी तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन दिन अहम
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन राजस्थान के लिए बेहद अहम रहेंगे। मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे किसानों को राहत मिलेगी, जलाशयों में पानी की आवक बढ़ेगी और गर्मी से भी लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बढ़ा टोल टैक्स, आज से नई दरों के साथ कटेगी पर्ची

मोशन एजुकेशन की स्कॉलरशिप ने कोटा के आर्यन को नीट में सफलता दिलाने में मदद की

सरकार ने हाईकोर्ट में बताई पंचायत-निकाय चुनाव की तारीख: ओबीसी आयोग 5 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट देगा, जानें- कब से हो सकती है वोटिंग - Jaipur News


