जयपुर में 33 थानेदारों के तबादले,सदर थानाधिकारी लाइन हाजिर
जयपुर में 33 थानेदारों के तबादले,सदर थानाधिकारी लाइन हाजिर राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले अलग-अलग विभागों में तबादलों का दौर चल रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह में विभिन्न विभागों के करीब 500 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबा…

सौजन्य से:- Hindustan
जयपुर में 33 थानेदारों के तबादले,सदर थानाधिकारी लाइन हाजिर
राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले अलग-अलग विभागों में तबादलों का दौर चल रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह में विभिन्न विभागों के करीब 500 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए जा चुके हैं।
राजस्थान में आगामी निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को बदला जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जयपुर कमिश्नरेट में 33 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले किए गए। इनमें अधिकांश थानाधिकारियों के थाना क्षेत्र बदले गए हैं। वहीं कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन, अपराध शाखा, सीएसटी और पुलिस आयुक्तालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।
जयपुर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में एक ही क्षेत्र में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों को हटाया गया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की ओर से जारी तबादला सूची में 33 निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो थानाधिकारी पुलिस लाइन भेजे गए
तबादला सूची में खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई और सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया को रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है। दोनों अधिकारियों को फील्ड से हटाया गया है।
प्रकाश राम विश्नोई पहले लालकोठी थाने में पदस्थ थे। खोह नागोरियान क्षेत्र में पटाखा अग्निकांड के बाद उन्हें वहां थानाधिकारी लगाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। साथ ही क्षेत्र में संचालित अवैध गोदामों और फैक्ट्रियों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई थी। पुलिस की ओर से 150 से अधिक अवैध गोदामों और फैक्ट्रियों पर कार्रवाई का दावा किया गया था। हालांकि इसके बाद कुछ संगठनों की ओर से विरोध और प्रदर्शन किए गए। इसके बाद अब विश्नोई को थाने से हटाकर रिजर्व पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
वहीं सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया को सेशन कोर्ट के एक वकील के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले के बाद लाइन हाजिर किया गया है। इस मामले को लेकर वकीलों की ओर से विरोध जताया गया था। इसके बाद अब उनका तबादला पुलिस लाइन में किया गया है।
एक सप्ताह में करीब 500 तबादले
राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले अलग-अलग विभागों में तबादलों का दौर चल रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह में विभिन्न विभागों के करीब 500 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले किए जा चुके हैं। प्रशासनिक स्तर पर इसे चुनाव से पहले लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ अधिकारियों को बदलने की प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
पुलिस विभाग में भी इसी प्रक्रिया के तहत अधिकारियों के पदस्थापन बदले जा रहे हैं। जयपुर कमिश्नरेट की मंगलवार को जारी सूची में थानों के अलावा पुलिस लाइन, अपराध शाखा, सीएसटी और आयुक्तालय में भी नई पोस्टिंग दी गई है।
पुलिस मुख्यालय ने भी 12 निरीक्षक बदले
जयपुर कमिश्नरेट के तबादलों के अलावा राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने भी 12 पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण किए हैं। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से 18 अगस्त को जारी आदेश में प्रशासनिक आधार और स्वयं की प्रार्थना पर अधिकारियों को नई जगह पदस्थ किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार सन्तरा मीणा को जयपुर आयुक्तालय से एसओजी जयपुर भेजा गया है। अन्जू कुमारी का स्थानांतरण कोटा रेंज, प्रेम कुमार शर्मा का उदयपुर रेंज और ओमवीर सिंह का अजमेर रेंज किया गया है। वहीं अनिल कुमार टेलर को कोटा रेंज से जयपुर आयुक्तालय में लगाया गया है। अन्य निरीक्षकों को भी अलग-अलग रेंज और इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है।
जून-जुलाई के कुछ तबादला आदेश निरस्त
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में जून और जुलाई 2026 में जारी कुछ पुराने तबादला आदेशों में शामिल पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण भी निरस्त किए गए हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों के पदस्थापन को लेकर नए आदेशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ACB या 16 CCA कार्रवाई वाले अफसरों को फील्ड पोस्टिंग नहीं
पुलिस मुख्यालय ने तबादला आदेश में एक अहम निर्देश भी दिया है। जिन पुलिस निरीक्षकों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का मामला दर्ज है या 16 CCA के तहत विभागीय कार्रवाई विचाराधीन अथवा प्रस्तावित है, उन्हें फील्ड में पदस्थापित नहीं किया जाएगा।
ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने और उन्हें नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस अधिकारियों के तबादलों को चुनावी प्रक्रिया के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी तबादलों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जयपुर में 60 मकान-दुकानों पर चला JDA का बुलडोजर

1.7K views | राजस्थान के Jaipur में Kalam Coaching Centre के बाहर आज छात्रों ने भारी हंगामा और Protest किया। आरोप है कि एक Teacher ने Student के साथ मारपीट की, जिसके बाद नाराज छात्रों ने महेश नगर में सड़क पर उतरकर Road Blockade कर दिया। महेश नगर पुलिस स्टेशन के SHO Hawa Singh ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच का आश्वासन दिया. #ZeeBusiness #jaipurnews #kalamcoaching #StudentProtest #RajasthanNews | Zee Business

Rajasthan: JDA launches anti-encroachment drive on New Sanganer Road, traffic diverted


