राजस्थान में दिन में तपिश, रात में गुलाबी ठंडक: पिलानी 41°C; पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में दिन में तपिश, रात में गुलाबी ठंडक: पिलानी 41°C; पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा के आसपास एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान में दिन में तपिश, रात में गुलाबी ठंडक: पिलानी 41°C; पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा के आसपास एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके चलते सतही स्तर पर करीब 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं।
राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से कई इलाकों में गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पिलानी (झुंझुनूं) में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर, चूरू और श्रीगंगानगर समेत पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक ज्यादा रहा।
पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय तेज गर्मी
रविवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1, जैसलमेर में 39.7 और बाड़मेर में 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर में पारा 38.7 डिग्री, टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 तथा फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस रहा।
पश्चिमी राजस्थान के जिन जिलों में दिन का तापमान 38 डिग्री या उससे अधिक रहा, वहां गर्म हवा का असर भी देखने को मिला। तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों और खुले इलाकों में गर्मी काफी महसूस हुई।
पाकिस्तान सीमा के पास एंटी साइक्लोन का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा के आसपास एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके चलते सतही स्तर पर करीब 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। यही वजह है कि मानसून की विदाई के बाद भी पश्चिमी राजस्थान में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
पूर्वी राजस्थान में भी सामान्य से ऊपर पारा
गर्मी का असर केवल पश्चिमी जिलों तक सीमित नहीं है। अलवर, टोंक, जयपुर, सीकर और करौली समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि इन इलाकों में पश्चिमी राजस्थान जैसी गर्म हवाओं का असर हर जगह नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में दिन में तेज धूप और गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।
दिन में गर्मी, रात में गुलाबी ठंडक
राजस्थान में मौसम का एक अलग रंग भी देखने को मिल रहा है। जहां दिन में तापमान 38 से 41 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री या इससे नीचे आ गया है।
उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा समेत कई इलाकों में रात के समय ठंडक बढ़ी है। रविवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां देर शाम से सुबह तक गुलाबी सर्दी का एहसास होने लगा है।
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आज से अगले करीब एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से ड्राई रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और अधिकांश इलाकों में धूप निकलेगी। हालांकि तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
इस दौरान प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान करीब 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
गर्मी के बीच सर्दी की दस्तक
राजस्थान में फिलहाल मौसम का मिजाज दो रंग दिखा रहा है। पश्चिमी जिलों में दोपहर के समय गर्मी और गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं, जबकि दक्षिणी और पहाड़ी इलाकों में रातें ठंडी होने लगी हैं। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं होने से दिन के तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद भी कम है। ऐसे में इस सप्ताह राजस्थान में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का दौर जारी रहने की संभावना है।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जयपुर: अभिषेक ने युवा कांग्रेस का चुनाव जीता: अब राहुल गांधी की ‘हां’ बाकी...इंटरव्यू के बाद लगेगी अंतिम मुहर

राजस्थान में पारा 41 डिग्री के पार पहुंचा: मानसून 3 दिन देरी से विदा हुआ, इस बार सामान्य से 22 फीसदी कम बरसा - Jaipur News

किसान को प्रोडक्ट का उद्यमी-निर्यातक बनाना जरूरी: जैविक कृषि को बढ़ावा देने का संकल्प; जयपुर में देशभर के 150 किसान जुटे - Jaipur News


