जनता से किए हर वादे को पूरा कर रही राज्य सरकार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में प्रदेश के नगरीय निकायों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए प्रत्…

सौजन्य से:- Janprahari Express
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में प्रदेश के नगरीय निकायों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए प्रत्येक नगरपालिका को 1 करोड़ रुपये, नगर परिषद को 3 करोड़ रुपये तथा नगर निगम को 10 करोड़ रुपये देंगे। इस अवसर पर उन्होंने श्रीगंगानगर जिले को 389 करोड़ रुपये केे 131 विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास की सौगात भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि डबल इंजन की सरकारें जिस कार्य का शिलान्यास करती हैं, लोकार्पण भी वही करती हैं। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार इसी कार्य संस्कृति का अनुसरण करते हुए जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर मरम्मत कार्यों का चिन्हीकरण करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढ़ाई वर्षों में श्रीगंगानगर जिले के समग्र विकास के लिए 1 हजार 567 करोड़ रुपये का बजट दिया है। आगे भी विकास कार्यों के लिए कोई कमी नहीं रखी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अनूपगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने तथा अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर-कोटपूतली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर का काम भी अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 44 हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये की लागत से पक्के खालों के पुनर्निर्माण तथा कंवरसेन नहर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त खालों के जीर्णोद्धार के लिए 185 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी तरह 75 करोड़ से आईजीएनपी की बुर्जी संख्या 620 से 1458 तक नहर के दोनों पटड़ों के सुदृढ़ीकरण एवं 50 करोड़ रुपये से भाखड़ा एवं गंग नहर में खालों संबंधी कार्य करवाए जा रहे हैं। लगभग 46 करोड़ रुपये से करणपुर-धनूर-केसरीसिंहपुर, 40 करोड़ से रायसिंहनगर-पदमपुर सड़क तथा 20 करोड़ से पदमपुर से चानणाधाम वाया 20 बीटी सड़क का चौड़ाईकरण करवाया जा रहा है। इसके अलावा 97 करोड़ रुपये से सूरतगढ़-अनूपगढ़ एलसी-1ए पर आरओबी, 30 करोड़ रुपये से श्रीगंगानगर में एलसी-119 पर आरयूबी एवं 9 करोड़ रुपये से बठिंडा-सूरतगढ़ खंड-94 पर आरयूबी की स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 225 करोड़ रुपये से भाखड़ा नहर की सार्दुल ब्रांच, 80 करोड़ से भाखड़ा नहर की करणी सिंह ब्रांच एवं 50 करोड़ से गंग नहर की एलएनपी वितरिका तथा 22 करोड़ से गंगनहर की जेड वितरिका के रिलाइनिंग कार्य की स्वीकृति भी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि 22 करोड़ से अधिक की राशि से 20 जेड से चुनावगढ़ तक, 10 करोड़ से शिव चौक से किसान चौक तक सड़क निर्माण करवाया जाएगा। 14 करोड़ से कंवरसेन लिफ्ट नहर पर पंपिंग स्टेशनों का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में महिला, किसान, गरीब और युवा के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है। हमारी सरकार किसानों को 9 हजार रुपये की किसान सम्मान निधि तथा पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लिए जरूरतमंद परिवारों को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर 1 हजार 450 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ पात्र व्यक्तियों के नए नाम जोड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को पारदर्शिता के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाते हुए अब तक 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी हैं। वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिलों का वितरण किया गया है तथा 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान की है। केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनूपगढ़ क्षेत्र को भारतमाला परियोजना के तहत सड़क विकास एवं रेलवे विकास की सौगातें मिली हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नहरी क्षेत्र में खालों के लिए अभूतपूर्व बजट दिया है। कार्यक्रम में पॉली हाउस के लाभार्थियों को चैक वितरित किए गए एवं युवा एथलीट बसंत कुमार मेघवाल को विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जयपुर में बाइक चोर गैंग का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; चोरी की 7 मोटरसाइकिल बरामद

राजस्थान में कूलर से करंट लगने से एक साल की मासूम समेत तीन बहनों की मौत

Aaj Ka Mausam: 15 अगस्त और हरियाली तीज पर खुशनुमा रहेगा राजस्थान का मौसम, इन जिलों में बारिश का अलर्ट


