हरियाली अमावस्या और पुष्य नक्षत्र का शुभ योग: जयपुर के गणेश मंदिरों में विशेष अभिषेक और मनमोहक शृंगार
हरियाली अमावस्या और पुष्य नक्षत्र का शुभ योग: जयपुर के गणेश मंदिरों में विशेष अभिषेक और मनमोहक शृंगार हरियाली अमावस्या के साथ पुष्य नक्षत्र और बुधवार के विशेष संयोग के चलते जयपुर के गणेश मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं क…

सौजन्य से:- etvbharat.com
हरियाली अमावस्या और पुष्य नक्षत्र का शुभ योग: जयपुर के गणेश मंदिरों में विशेष अभिषेक और मनमोहक शृंगार
हरियाली अमावस्या के साथ पुष्य नक्षत्र और बुधवार के विशेष संयोग के चलते जयपुर के गणेश मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई.
Published : August 12, 2026 at 10:28 AM IST
जयपुर: सावन मास की कृष्ण पक्ष अमावस्या यानी हरियाली अमावस्या पर बुधवार को पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग बना. करीब 50 साल बाद बने इस संयोग को लेकर शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और शृंगार किए गए. मंत्रोच्चार के साथ दुग्ध और पंचामृत अभिषेक हुआ. वहीं भगवान को नवीन पोशाक धारण कराकर आकर्षक झांकियां सजाई गईं. मंदिरों में गणपति सहस्रनाम, मोदकों का भोग और विशेष आरती भी हुई.
हरियाली अमावस्या सावन महीने में आने वाला प्रकृति, पर्यावरण और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. इस दिन प्रकृति की पूजा के साथ पेड़-पौधों के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया जाता है. वहीं पुष्य नक्षत्र को ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत शुभ और कल्याणकारी नक्षत्र माना जाता है. इस नक्षत्र में किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य को विशेष फलदायी माना जाता है. इस बार हरियाली अमावस्या के साथ पुष्य नक्षत्र और बुधवार का संयोग होने से पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ गया. इसी विशेष संयोग के चलते शहर के गणेश मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई. मंदिरों में भगवान गणेश का दुग्ध और पंचामृत से अभिषेक, विशेष शृंगार, सहस्रनाम पाठ और भोग अर्पण के साथ आरती के आयोजन हुए.
मोती डूंगरी में पंचामृत अभिषेक, 100 किलो दूध की खीर का लगा भोग: मोती डूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में भगवान गणेश का 151 किलो दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से पंचामृत अभिषेक किया गया. अभिषेक के बाद भगवान गणेश को नवीन पोशाक धारण कराई गई और फूल बंगला झांकी सजाई गई. इसके बाद गणपति सहस्रनाम के साथ 1008 मोदकों का भोग लगाया गया. मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र और हल्दी की गांठ भी वितरित की गई. महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि हरियाली अमावस्या और बुधपुष्य के विशेष योग के अवसर पर ठाकुर जी को 100 किलो दूध से बनी खीर का भी भोग लगाया गया है और प्रसाद के रूप में ये खीर भक्तों को वितरित की जाएगी.
नहर के गणेश मंदिर में 251 दीपकों से होगी आरती : ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित प्राचीन दाहिनी सूंड दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेश मंदिर में भी सुबह भगवान गणेश का दूर्वाभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया. युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि हरियाली अमावस्या पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं. अभिषेक के बाद भगवान को नवीन पोशाक धारण कराकर आरती की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर खरीदारी को अच्छा माना जाता है. ऐसे में बहुत से श्रद्धालु अपने नवीन वाहनों के साथ मंदिर पहुंचे और यहां पूजा अर्चना की. शाम को 251 दीपकों से महाआरती होगी.
पढ़ें:हरियाली अमावस्या पर कल्पवृक्ष के मेलों की रौनक, महिलाओं ने बांधी मौली और मांगा आशीर्वाद
परकोटा गणेश मंदिर में 101 किलो दूध से अभिषेक :उधर, चांदपोल स्थित प्राचीन परकोटा गणेश मंदिर में पं. अमित शर्मा के सान्निध्य में भगवान गणेश का 101 किलो दूध और पंचामृत से अभिषेक किया गया. इसके बाद गणपति को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई गई. भगवान गणपति सहस्रनामावली के साथ 1008 मोदकों का भोग लगाया गया. वहीं हरियाली अमावस्या के उपलक्ष्य में मंदिर में हरियाली और वन विहार की झांकी भी सजाई गई.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

उदयपुर में बारिश का दौर जारी, यलो अलर्ट जारी

अजमेर में मानसून फिर एक्टिव, 48 घंटे का अलर्ट जारी: इस सीजन में सामान्य से 32.5% ज्यादा बारिश हुई, कल भारी बरसात की संभावना - Ajmer News

मॉरीशस में श्रावण महोत्सव: जयपुर से पांच विद्वानों का दल आज होगा रवाना - Jaipur News


