होमक्राइमराजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 दिन में 1624 हार्डकोर बदमाश पकड़े, NDPS के 848 मामलों में 1158 तस्कर गिरफ्तार
क्राइम

राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 दिन में 1624 हार्डकोर बदमाश पकड़े, NDPS के 848 मामलों में 1158 तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 दिन में 1624 हार्डकोर बदमाश पकड़े, NDPS के 848 मामलों में 1158 तस्कर गिरफ्तार प्रदेशभर में 20 जुलाई से एक महीने तक चलाया जा रहा है विशेष अभियान. Published : August 11, 2026 at 5:01 PM IST…

ETV Bharat के अनुसार11 अगस्त 2026 को 12:16 pm बजे
राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 दिन में 1624 हार्डकोर बदमाश पकड़े, NDPS के 848 मामलों में 1158 तस्कर गिरफ्तार

सौजन्य से:- ETV Bharat

राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 दिन में 1624 हार्डकोर बदमाश पकड़े, NDPS के 848 मामलों में 1158 तस्कर गिरफ्तार

प्रदेशभर में 20 जुलाई से एक महीने तक चलाया जा रहा है विशेष अभियान.

Published : August 11, 2026 at 5:01 PM IST

जयपुर: अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए राजस्थान पुलिस का अपराधियों पर बड़ा एक्शन देखने को मिला है. प्रदेशभर में 20 जुलाई से चलाए जा रहे एक माह के विशेष अभियान के तहत 20 दिन में पुलिस ने 1624 हार्डकोर बदमाशों को गिरफ्तार किया. नशामुक्त राजस्थान की प्राथमिकता पर काम करते हुए नशा तस्करों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा. प्रदेशभर में एनडीपीएस एक्ट के 848 मुकदमों में 1158 तस्करों को गिरफ्तार किया गया.

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में सभी पुलिस रेंज और पुलिस आयुक्तालयों में एक साथ संचालित अभियान के दौरान हार्डकोर अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पिछले बीस दिन में सख्त कार्रवाई की गई. अभियान का मकसद कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हुए आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना है.

पढ़ें:जयपुर पुलिस का एक्शन, 351 हार्डकोर बदमाश चिह्नित, 75 से ज्यादा गिरफ्तार, आर्थिक नाकाबंदी शुरू

2 हजार 85 कार्रवाइयां: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया, विशेष अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में 2067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 2 हजार 85 कार्रवाइयां की गई. पुलिस ने 1624 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही कई स्थानों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया. यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ बेहद प्रभावी व कारगर हो रही है व निरंतर जारी रहेगी.

पुलिस के निशाने पर बड़े तस्कर : अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक प्रहार करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 848 मुकदमे दर्ज किए और 1158 आरोपियों को गिरफ्तार किया. अभियान के दौरान विभिन्न रेंजों में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई. इस दौरान वाणिज्यिक मात्रा व बड़े तस्करों के विरूद्ध अधिक कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही अवैध हथियारों से जुड़े 319 प्रकरण दर्ज कर अपराधियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई और 396 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.

साइबर अपराधियों पर कसी नकेल: अभियान के दौरान साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 624 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. साइबर अपराधियों से जुड़े बैंक खातों में 8 करोड़ 24 लाख 15 हजार 336 रुपए की राशि होल्ड करवाई गई है. 2 करोड़ 91 लाख 63 हजार 333 रुपए पीड़ितों को रिफंड करवाए गए. साइबर हॉटस्पॉट की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर तथा अन्य विशेष अपराधों के विरुद्ध भी अभियान लगातार जारी है. वहीं, अवैध खनन के खिलाफ 650 मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई.

नाकाबंदी से अपराधियों पर नजर: प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर नाकाबंदी कर 9,663 पॉइंट्स पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 4 हजार 594 वाहनों की जांच की गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए एमवी एक्ट के तहत 2 लाख 32 हजार 58 कार्रवाई की गई. शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16,874, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 1,74,904, बिना सीट बेल्ट चौपहिया वाहन चलाने वाले 13,832 चालकों के चालान हुए. काली फिल्म लगे 12,241, ओवरलोड पाए जाने पर 19,213 वाहनों पर और अन्य नियमों के उल्लंघन पर 2,59,806 मामलों में एक्शन हुआ. इसी प्रकार तेज गति से वाहन चलाने पर 1,13,651चालकों पर और 170 बीएनएस के तहत 10,226 चालकों पर कार्रवाई हुई.

महिला सुरक्षा प्राथमिकता: महिला सुरक्षा को अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए 2,835 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई और 7,545 स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए गए. पुलिस और समाज के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 1060 सीएलजी बैठकें की गई. इन बैठकों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई.

कहां कितनी कार्रवाई हुई: अभियान में सभी पुलिस रेंज और कमिश्नरेट ने प्रभावी कार्रवाई की. अजमेर रेंज ने हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ 841 कार्रवाई करते हुए 609 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया. उदयपुर रेंज ने 316, जयपुर आयुक्तालय ने 206 व भरतपुर रेंज ने 205 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया. बीकानेर रेंज ने एनडीपीएस के 206 मुकदमे दर्ज कर 273 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. भरतपुर रेंज ने इस अवधि में अवैध हथियारों के खिलाफ 95 कार्रवाई की. बीकानेर रेंज ने महिला सुरक्षा के मामलों में 703 मुकदमे दर्ज किए. जयपुर रेंज ने 139 प्रकरण दर्ज कर 158 अपराधियों को पकड़ कर साइबर अपराध नियंत्रण से सक्रियता दिखाई. बीकानेर रेंज में 170 बीएनएस एक्ट में 2,464 कार्रवाई की.

पढ़ें:Alwar Crime : हिस्ट्रीशीटर 'सरकार' गिरफ्तार, जयपुर रेंज IG ने किया था 50 हजार का इनाम घोषित

आमजन में भरोसा मजबूत हो: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राजस्थान पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध एवं महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य सरकार की अपराधों के विरूद्ध जीरो टाॅलरेंस नीति पर अमल कर रही है. अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके.

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें