राजस्थान के 305 निकायों में डिप्टी मेयर-उपाध्यक्ष का चुनाव; आज तय होंगे शहरों के सेकेंड बॉस
राजस्थान के 305 निकायों में डिप्टी मेयर-उपाध्यक्ष का चुनाव; आज तय होंगे शहरों के सेकेंड बॉस निकाय प्रमुखों के चुनाव में बीजेपी ने कई जगह ऐसा परिणाम दिया, जहां उसके पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। पार्टी ने 100 से ज्यादा ऐसे नि…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान के 305 निकायों में डिप्टी मेयर-उपाध्यक्ष का चुनाव; आज तय होंगे शहरों के सेकेंड बॉस
निकाय प्रमुखों के चुनाव में बीजेपी ने कई जगह ऐसा परिणाम दिया, जहां उसके पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। पार्टी ने 100 से ज्यादा ऐसे निकायों में भी अपने निकाय प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की। अब निगाहें उपाध्यक्ष पदों पर हैं।
राजस्थान के शहरी निकायों में मेयर और सभापति के चुनाव के बाद अब डिप्टी मेयर, उपसभापति और उपाध्यक्ष की कुर्सी का फैसला आज होगा। प्रदेश के 305 शहरी निकायों में मंगलवार को इन पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इनमें 7 नगर निगमों में डिप्टी मेयर, 47 नगर परिषदों में उपसभापति और 251 नगरपालिकाओं में उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। चुनाव के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही पार्षदों की बाड़ेबंदी भी खत्म हो जाएगी।
दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी वोटिंग
इन पदों के लिए मतदान दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। संबंधित निकायों में पार्षदों की बैठक के दौरान ही वोटिंग कराई जाएगी। मतदान पूरा होने के बाद तुरंत मतगणना होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। ऐसे में शाम तक राजस्थान के 305 निकायों में उपाध्यक्ष पदों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
निकाय प्रमुखों के बाद अब दूसरी बड़ी परीक्षा
निकाय प्रमुखों के चुनाव में बीजेपी ने कई जगह ऐसा परिणाम दिया, जहां उसके पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। पार्टी ने 100 से ज्यादा ऐसे निकायों में भी अपने निकाय प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की। अब निगाहें उपाध्यक्ष पदों पर हैं। बीजेपी की कोशिश होगी कि मेयर और सभापति चुनाव के बाद इन पदों पर भी अपनी पकड़ मजबूत की जाए।
वहीं कांग्रेस के सामने अपने पार्षदों को एकजुट रखने और जहां संख्या उसके पक्ष में है, वहां बोर्ड में दूसरा महत्वपूर्ण पद हासिल करने की चुनौती होगी। कई निकायों में निर्दलीय पार्षद भी इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अजमेर में बीजेपी से हेमंत, कांग्रेस से नौरत
अजमेर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी ने वार्ड-46 के पार्षद हेमंत सांखला को प्रत्याशी बनाया है। शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी की ओर से उनके नाम की जानकारी दी गई।
वहीं कांग्रेस ने नौरत गुर्जर को डिप्टी मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। ऐसे में अजमेर में डिप्टी मेयर की कुर्सी के लिए बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
उदयपुर में बीजेपी ने दिनेश भट्ट पर जताया भरोसा
उदयपुर में बीजेपी ने पूर्व शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट को डिप्टी मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने संगठन में सक्रिय रहे भट्ट को मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब पार्षदों के वोट से तय होगा कि उदयपुर में डिप्टी मेयर की कुर्सी किसके खाते में जाती है।
अलवर में अजय पूनिया बनाम ममता सैनी
अलवर में भी बीजेपी और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। बीजेपी ने अजय पूनिया को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने ममता सैनी पर दांव लगाया है। दोनों दलों के बीच यहां भी वोटों का गणित अहम रहेगा।
सीकर में रेखा बिजारणियां और अशोक चौधरी आमने-सामने
सीकर नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए बीजेपी ने वार्ड-41 की पार्षद रेखा बिजारणियां को प्रत्याशी बनाया है। रेखा दूसरी बार पार्षद बनी हैं। उन्होंने उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस ने वार्ड-34 के पार्षद अशोक चौधरी को मैदान में उतारा है। नामांकन के दौरान उनके साथ पूर्व सभापति जीवण खां, अंशुल पारीक सहित कई नेता मौजूद रहे।
शाम तक साफ हो जाएगा किसके हाथ लगी बाजी
आज होने वाला चुनाव राजस्थान के शहरी निकायों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। मेयर और सभापति चुनाव के बाद अब उपाध्यक्ष पदों के जरिए निकायों में शक्ति संतुलन की तस्वीर और साफ होगी। खास बात यह है कि जहां किसी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है, वहां निर्दलीय पार्षदों के वोट पूरे चुनाव का गणित बदल सकते हैं।
दोपहर 2:30 बजे वोटिंग शुरू होने के बाद कुछ ही घंटों में तस्वीर बदलती नजर आएगी। शाम तक 7 नगर निगमों के डिप्टी मेयर, 47 नगर परिषदों के उपसभापति और 251 नगरपालिकाओं के उपाध्यक्ष के नाम सामने आ जाएंगे। यानी आज फिर राजस्थान के शहरों में कुर्सी का फैसला पार्षदों के वोट से होगा।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम जारी: 6 लाख से ज्यादा वोट लेकर अभिषेक चौधरी सबसे आगे

ACTION PLAN : सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों से संवाद, तय होगा 100 दिन का रोडमैप

From the edge of extinction, two captive-bred Great Indian Bustards released into wild in Rajasthan


