वन स्टेट-वन इलेक्शन पर BJP का कांग्रेस पर वार, CM बोले-चुनावी चक्र से निकला राजस्थान...राज्यपाल बोले-हर वोट का मोल समान
वन स्टेट-वन इलेक्शन पर BJP का कांग्रेस पर वार, CM बोले-चुनावी चक्र से निकला राजस्थान...राज्यपाल बोले-हर वोट का मोल समान जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पत्नी के साथ जगतपुरा एवं राज्यपाल बागडे ने सिविल लाइंस में मतद…

सौजन्य से:- ETV Bharat
वन स्टेट-वन इलेक्शन पर BJP का कांग्रेस पर वार, CM बोले-चुनावी चक्र से निकला राजस्थान...राज्यपाल बोले-हर वोट का मोल समान
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पत्नी के साथ जगतपुरा एवं राज्यपाल बागडे ने सिविल लाइंस में मतदान किया.
Published : September 11, 2026 at 1:28 PM IST
जयपुर : नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के बीच भाजपा ने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे राजस्थान के विकास से जोड़ा एवं कांग्रेस पर निशाना साधा. सीएम ने कहा, बार-बार चुनाव और आचार संहिता से विकास कार्य प्रभावित होते थे, लेकिन अब एक साथ चुनाव व्यवस्था से प्रदेश को लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है. शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के जगतपुरा स्थित नवोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पत्नी के साथ मतदान किया. मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में भाजपा के बोर्ड बनने का दावा किया. इसके साथ सीएम ने मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान की अपील की. इसी प्रकार राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सिविल लाइंस क्षेत्र में जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 97 के एक बूथ पर मतदान किया.
कांग्रेस चुनाव में उलझी रहती थी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का संकल्प पूरा किया. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस व्यवस्था के पक्ष में नहीं थी. उसने इसे रोकने को न्यायालय का रुख किया, लेकिन जीत जनता की हुई. पहले लगातार चुनाव होने से प्रदेश में बार-बार आचार संहिता लगती थी. इसका सीधा असर विकास कार्यों पर पड़ता था. भाजपा सरकार ने चुनावी प्रक्रिया व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाया, ताकि चुनाव के बाद सरकार और स्थानीय निकाय लंबे समय तक बिना व्यवधान के विकास कार्यों पर फोकस कर सकें.
कांग्रेस की तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक जनता को बरगलाने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का काम किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार जाति और धर्म नहीं, बल्कि सबका साथ, सबका विकास और विकास का मॉडल है. जब विकास होता है तो जनता जाति और धर्म से ऊपर उठकर अपने क्षेत्र और प्रदेश के हित में फैसला करती है.
कांग्रेस करती थी तुष्टीकरण: उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में तुष्टीकरण और जातिगत समीकरणों को प्राथमिकता दी, जबकि भाजपा सरकार राजस्थान को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए काम कर रही है. सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय सुविधाओं का विकास किसी जाति या धर्म के आधार पर नहीं होता. विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुंचता है. भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में विकास को प्राथमिकता दी. अब नगर निकायों में भी भाजपा का बोर्ड बनने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और गति मिलेगी.
पढ़ें:राजस्थान निकाय चुनाव : दूसरे चरण में मतदान जारी, जयपुर में EVM खराबी और बूथों पर विवाद
राज्यपाल ने किया मतदान एवं अपील: उधर, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 97 के बूथ पर मतदान किया. राज्यपाल बागडे कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच सिविल लाइंस के केशवनगर स्थित सामुदायिक केंद्र में वोट देने पहुंचे. मतदान के बाद उन्होंने अपनी अंगुली पर लगा स्याही का निशान दिखाया और सभी से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा, मतदान केंद्र पर कतार में लगने का नियम है, जो भी मतदाता आए, उन्हें कतार में खड़े होकर मतदान करना होता है. इसमें पद और उम्र के लिहाज से किसी को कम या ज्यादा अधिकार नहीं है. सबके वोट का मोल बराबर होता है. चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है. इस साल प्रदेश में एक कठिनाई सामने आई है कि बारिश बहुत कम हुई है.
महाराष्ट्र की मान्यता का जिक्र: बागडे ने कहा, राजस्थान ही नहीं बल्कि देश के अन्य प्रांतों में भी बारिश कम हुई है. उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि प्रदेश और देश में अच्छी बारिश हो, ताकि खुशहाली आए. उन्होंने महाराष्ट्र की एक मान्यता का जिक्र किया कि गणेश चतुर्थी पर गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ ही दस दिन अच्छी बारिश होती है. उन्होंने कामना की कि इस साल राजस्थान और अन्य प्रदेशों में अच्छी बारिश हो ताकि किसानों के जीवन में खुशहाली आए और आमजन सुखी रहे.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम जारी: 6 लाख से ज्यादा वोट लेकर अभिषेक चौधरी सबसे आगे

ACTION PLAN : सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों से संवाद, तय होगा 100 दिन का रोडमैप

From the edge of extinction, two captive-bred Great Indian Bustards released into wild in Rajasthan


