राजस्थान में मानसून का डबल अटैक: चूरू के बाजार हुए जलमग्न, रणथंभौर में बहे झरने
राजस्थान में मानसून का डबल अटैक: चूरू के बाजार हुए जलमग्न, रणथंभौर में बहे झरने जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना डीप डिप्रेशन सिस्टम कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान में मानसून का डबल अटैक: चूरू के बाजार हुए जलमग्न, रणथंभौर में बहे झरने
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना डीप डिप्रेशन सिस्टम कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। वर्तमान में यह उत्तरी ओडिशा, दक्षिणी झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है।
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम के असर से राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार से इसका प्रभाव और अधिक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। चूरू के सरदारशहर में एक घंटे की तेज बारिश से बाजारों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया, जबकि सवाई माधोपुर के रणथंभौर क्षेत्र में झरने बहने लगे हैं। जयपुर समेत कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान एक इंच तक बारिश दर्ज की गई।
अगले 5-6 दिन सक्रिय रहेगा मानसून
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना डीप डिप्रेशन सिस्टम कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। वर्तमान में यह उत्तरी ओडिशा, दक्षिणी झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। अगले 24 घंटे में इसके पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में अगले 5 से 6 दिनों तक मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है। विभाग ने 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक प्रतापगढ़ जिले में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दौसा के बांदीकुई में 36 मिमी, बैजूपाड़ा में 23 मिमी, अलवर के टहला में 20 मिमी और मालाखेड़ा में 15 मिमी बारिश हुई। बारां, भीलवाड़ा, भरतपुर, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, टोंक और सवाई माधोपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
चूरू में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
चूरू जिले के सरदारशहर में गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे से एक घंटे तक तेज बारिश हुई। तेज बरसात के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और निचले इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। कई दुकानों के बाहर पानी जमा होने से व्यापार प्रभावित हुआ, जबकि राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रीगंगानगर में भी झमाझम बारिश
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह करीब 3 बजे एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के बाद शहर की कई सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत भी मिली।
रणथंभौर में बहने लगे झरने, पर्यटकों की बढ़ी भीड़
सवाई माधोपुर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम बेहद सुहावना हो गया है। रणथंभौर के जंगलों में स्थित अमेश्वर, सोलेश्वर, झोझेश्वर और सीता माता क्षेत्र के झरने फिर से बहने लगे हैं। प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन स्थानों पर पहुंच रहे हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आई है।
जयपुर में 40 मिनट की तेज बारिश
राजधानी जयपुर में बुधवार दोपहर करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। सांगानेर एयरपोर्ट पर 25 मिमी और जेएलएन मार्ग पर 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा आमेर में 30 मिमी, जमवारामगढ़ में 11 मिमी, दिल्ली रोड स्थित ताला में 8 मिमी तथा फुलेरा, माधोराजपुरा और कालवाड़ में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान गिरकर 33.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज
सीकर में बुधवार को दिनभर गर्मी और उमस बनी रही, हालांकि मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर में रात की बारिश के बाद दिनभर बादलों की आवाजाही रही और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। अलवर में सुबह हल्की बारिश और दोपहर बाद कई इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। वहीं जोधपुर, कोटा और उदयपुर में बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में इन इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पश्चिमी राजस्थान में उमस बरकरार
बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। बुधवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बारिश बढ़ने के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

केसीसी के रामझोल 4.0 में राजस्थान का मुकाबला बंगाल से | घटनाक्रम मूवी समाचार - द टाइम्स ऑफ इंडिया

शिक्षकों का समय-समय पर मूल्यांकन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कुंजी: राजस्थान के राज्यपाल

जयपुर में बड़ी-चौपड़ समेत 40 इलाकों में कल बिजली गुल: मेंटेनेंस के काम के चलते रहेगा पावर कट, जानें कितनी घंटे बाधित रहेगी लाइट - Jaipur News


