होमक्राइमछात्रसंघ चुनाव पर NSUI का अल्टीमेटम, सरकार को दी 2 घंटे की चेतावनी, नहीं हुई वार्ता तो टंकी पर ही शुरू करेंगे आमरण अनशन
क्राइम

छात्रसंघ चुनाव पर NSUI का अल्टीमेटम, सरकार को दी 2 घंटे की चेतावनी, नहीं हुई वार्ता तो टंकी पर ही शुरू करेंगे आमरण अनशन

छात्रसंघ चुनाव पर NSUI का अल्टीमेटम, सरकार को दी 2 घंटे की चेतावनी, नहीं हुई वार्ता तो टंकी पर ही शुरू करेंगे आमरण अनशन देर रात वीडियो जारी कर टंकी पर चढ़े कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.…

ETV Bharat के अनुसार31 जुलाई 2026 को 07:15 am बजे
छात्रसंघ चुनाव पर NSUI का अल्टीमेटम, सरकार को दी 2 घंटे की चेतावनी, नहीं हुई वार्ता तो टंकी पर ही शुरू करेंगे आमरण अनशन

सौजन्य से:- ETV Bharat

छात्रसंघ चुनाव पर NSUI का अल्टीमेटम, सरकार को दी 2 घंटे की चेतावनी, नहीं हुई वार्ता तो टंकी पर ही शुरू करेंगे आमरण अनशन

देर रात वीडियो जारी कर टंकी पर चढ़े कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Published : July 31, 2026 at 7:20 AM IST

|Updated : July 31, 2026 at 11:09 AM IST

जयपुर : राजस्थान विश्वविद्यालय (RU) के NSUI के तीन स्टूडेंट गुरुवार सुबह से ही पानी की टंकी पर डटे हुए हैं. ये छात्र राजस्थान में लंबे समय से बंद छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. जयपुर के टोंक फाटक स्थित पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआई के तीन छात्र नेताओं का प्रदर्शन 26 घंटे से ज्यादा समय बाद भी जारी है. प्रदर्शनकारी साफ कह रहे हैं कि जब तक छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं होती, तब तक वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे.

छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े NSUI कार्यकर्ताओं का आंदोलन अब और तेज हो गया है. छात्र नेताओं ने सरकार को दो घंटे का कड़ा अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने तय समय में सकारात्मक वार्ता नहीं की, तो वे टंकी पर ही आमरण अनशन शुरू कर देंगे.

इसे भी पढ़ें: छात्रसंघ चुनाव की मांग : जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI कार्यकर्ता, दिल्ली लाठीचार्ज का भी विरोध

रात भर टंकी पर डटे रहे छात्र : प्रदर्शन शुरू होने के बाद देर रात पुलिस अधिकारी छात्र नेताओं से बातचीत करने पहुंचे. प्रदर्शनकारियों को उम्मीद थी कि सरकार की ओर से कोई सकारात्मक प्रस्ताव या आश्वासन मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. छात्र नेताओं का कहना है कि सिर्फ बातचीत का भरोसा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, क्योंकि पहले भी कई बार वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन छात्रसंघ चुनाव अब तक बहाल नहीं हुए. छात्र नेता विजयपाल कुड़ी ने कहा कि उनकी मांग स्पष्ट है कि राज्य सरकार छात्रसंघ चुनाव बहाल करे. उन्होंने कहा कि केवल मुलाकातों और आश्वासनों से आंदोलन खत्म नहीं होगा.

टंकी से लगाए नारे, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप : पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआई के विजयपाल कुड़ी, वियोना जाट और कोसेन खान लगातार नारेबाजी कर रहे हैं. उनका आरोप है कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इस दिशा में कोई फैसला नहीं लिया गया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे छात्रों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है.

दिल्ली की घटना को लेकर भी उठाई आवाज : छात्र नेताओं ने अपनी मांगों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने इस घटना के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने बिहार के सिवान में प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी का भी उल्लेख करते हुए युवाओं के आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की.

पुलिस अलर्ट, टंकी के नीचे लगाया सुरक्षा जाल : प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर तैनात हैं. किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पानी की टंकी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया है. पुलिस लगातार छात्र नेताओं को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है. वहीं, आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है.

सरकार के रुख पर टिकी नजर : छात्र नेताओं का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर स्पष्ट घोषणा नहीं करती. दूसरी ओर, प्रशासन फिलहाल बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है.

देर रात जारी किया वीडियो संदेश: जयपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर राजस्थान विश्वविद्यालय के पास गांधी नगर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI कार्यकर्ताओं ने देर रात वीडियो जारी कर छात्रों ने सरकार और प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया. छात्रसंघ चुनाव बहाल होने तक प्रदर्शनकारियों ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया है. टंकी पर चढ़े कार्यकर्ताओं ने वीडियो जारी कर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें