राजस्थान निकाय चुनाव में 7 शहरों में भाजपा-कांग्रेस का हर चौथा उम्मीदवार करोड़पति; जयपुर सबसे आगे
राजस्थान निकाय चुनाव में 7 शहरों में भाजपा-कांग्रेस का हर चौथा उम्मीदवार करोड़पति; जयपुर सबसे आगे सात शहरों के आंकड़े निकाय चुनाव की एक दिलचस्प तस्वीर सामने रखते हैं। एक तरफ 67.15 करोड़ की संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं, तो…

सौजन्य से:- livehindustan.com
राजस्थान निकाय चुनाव में 7 शहरों में भाजपा-कांग्रेस का हर चौथा उम्मीदवार करोड़पति; जयपुर सबसे आगे
सात शहरों के आंकड़े निकाय चुनाव की एक दिलचस्प तस्वीर सामने रखते हैं। एक तरफ 67.15 करोड़ की संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं, तो दूसरी तरफ ऐसे प्रत्याशी भी हैं जिनके खाते में 12 रुपए तक हैं।
राजस्थान के निकाय चुनाव में मुकाबला सिर्फ टिकट, जातीय समीकरण और राजनीतिक पकड़ का नहीं है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की जेब कितनी भारी है, यह भी अपने आप में एक बड़ा चुनावी आंकड़ा बनकर सामने आया है। प्रदेश के सात प्रमुख शहरों जयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर, सीकर, उदयपुर और जोधपुर में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के हलफनामों की तस्वीर देखें तो पता चलता है कि हर चार में से करीब एक प्रत्याशी करोड़पति है।
इन सात शहरों में भाजपा-कांग्रेस के कुल 1172 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 297 उम्मीदवार यानी 25.34 फीसदी ऐसे हैं, जिनकी चल-अचल संपत्ति एक करोड़ रुपए या उससे ज्यादा है। इनमें भाजपा के 175 और कांग्रेस के 122 उम्मीदवार शामिल हैं। इस आंकड़े में निर्दलीय प्रत्याशियों को शामिल नहीं किया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या में जयपुर सबसे आगे है, लेकिन आबादी के अनुपात में देखें तो सीकर की तस्वीर सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है। सीकर में भाजपा-कांग्रेस के 128 उम्मीदवारों में 47 करोड़पति हैं, यानी करीब 36 फीसदी।
जयपुर: 97 करोड़पति, सबसे अमीर के पास 35 करोड़... और एक के खाते में सिर्फ 12 रुपए
राजधानी जयपुर के निकाय चुनाव में धनबल का आंकड़ा सबसे बड़ा है। भाजपा और कांग्रेस के 298 उम्मीदवारों में 97 करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 62 और कांग्रेस के 35 प्रत्याशी हैं।
दोनों दलों के सबसे अमीर उम्मीदवारों में वार्ड 112 से भाजपा प्रत्याशी सुनील कोठारी सबसे ऊपर हैं। रत्न व्यवसाय से जुड़े कोठारी के पास करीब 35 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। हालांकि संपत्ति के साथ देनदारी भी कम नहीं है। उन पर करीब 4.50 करोड़ और उनकी पत्नी पर 11 करोड़ रुपए की देनदारी बताई गई है।
जयपुर की तस्वीर का दूसरा सिरा भी कम दिलचस्प नहीं है। करोड़ों की संपत्ति वाले उम्मीदवारों के बीच ऐसा प्रत्याशी भी है, जिसके बैंक खाते में सिर्फ 12 रुपए हैं।
सीकर: संख्या में छोटा शहर, लेकिन करोड़पति उम्मीदवारों का सबसे बड़ा अनुपात
सीकर ने करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में बड़े शहरों को पीछे छोड़ दिया है। यहां भाजपा-कांग्रेस के 128 प्रत्याशियों में से 47 यानी 36 फीसदी से ज्यादा करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 18 और कांग्रेस के 29 उम्मीदवार हैं।
सबसे अमीर प्रत्याशी वार्ड 34 से कांग्रेस के अशोक चौधरी हैं। उनके पास 8 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है।
लेकिन सीकर के आंकड़ों में एक और विरोधाभास है। यहां 24 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके नाम पर चल-अचल संपत्ति नहीं है और बैंक खाते में भी एक रुपया तक नहीं है। हालांकि इनमें कई उम्मीदवारों के पति या पत्नी के नाम संपत्ति दर्ज है।
जोधपुर: 46 करोड़पति, 67 करोड़ वाले पूर्व राजसिको चेयरमैन सबसे आगे
जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस के 200 प्रत्याशियों में से 46 यानी करीब 23 फीसदी करोड़पति हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के 23-23 उम्मीदवार इस सूची में हैं।
सबसे ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं पूर्व राजसिको चेयरमैन मेघराज लोहिया। उनके पास करीब 67.15 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है।
जोधपुर में महिला उम्मीदवार भी संपत्ति के मामले में पीछे नहीं हैं। भाजपा-कांग्रेस की सात महिला प्रत्याशियों के पास करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति है।
कोटा: 17 करोड़पति, किसी के पास करोड़ों के वाहन तो किसी के पास बाइक तक नहीं
कोटा के 200 भाजपा-कांग्रेस उम्मीदवारों में 17 यानी 8 फीसदी से ज्यादा करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 13 और कांग्रेस के 4 उम्मीदवार हैं।
सबसे अमीर प्रत्याशी देवेंद्र कुमार शर्मा हैं, जिनके पास करीब 12 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
कोटा में संपत्ति का सबसे दिलचस्प अंतर वाहनों के आंकड़ों में दिखाई देता है। वार्ड 51 के भाजपा प्रत्याशी के पास 1.20 करोड़ रुपए के वाहन हैं, जबकि वार्ड 79 के भाजपा प्रत्याशी के पास बाइक तक नहीं है।
वहीं दोनों दलों के 9 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी चल-अचल संपत्ति 50 हजार रुपए से भी कम है। इनमें भाजपा के पांच और कांग्रेस के चार प्रत्याशी हैं।
अलवर: पांच महिला प्रत्याशियों के पास 103 करोड़ की संपत्ति
अलवर में भाजपा-कांग्रेस के 33 प्रत्याशी करोड़पति हैं। यहां महिला उम्मीदवारों की संपत्ति का आंकड़ा खासा चौंकाने वाला है।
भाजपा की दो महिला प्रत्याशियों और उनके परिवार की घोषित संपत्ति करीब 44 करोड़ रुपए, जबकि कांग्रेस की तीन महिला प्रत्याशियों के पास करीब 50 करोड़ रुपए की संपत्ति है। यानी पांच महिला प्रत्याशियों और उनके पतियों की कुल संपत्ति करीब 103 करोड़ रुपए बैठती है।
अजमेर: कांग्रेस छोड़ भाजपा में आईं मोनिका सबसे अमीर
अजमेर के चुनावी हलफनामों में भी राजनीतिक दल बदलने वाली प्रत्याशी संपत्ति के मामले में चर्चा में हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं मोनिका दोनों दलों के उम्मीदवारों में सबसे अमीर बताई गई हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के एक उम्मीदवार के पास एक रुपया भी नहीं होने का दावा हलफनामे में सामने आया है।
उदयपुर: सर्राफा कारोबारी सबसे अमीर
उदयपुर में भाजपा और कांग्रेस के 38 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 26 और कांग्रेस के 12 प्रत्याशी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा संपत्ति वाले प्रत्याशी भाजपा के यशवंत आंचलिया हैं, जो वार्ड 53 से चुनाव लड़ रहे हैं। आंचलिया उदयपुर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
करोड़ों की प्रॉपर्टी और खाली जेब—एक ही चुनावी मैदान में दो तस्वीरें
सात शहरों के आंकड़े निकाय चुनाव की एक दिलचस्प तस्वीर सामने रखते हैं। एक तरफ 67.15 करोड़ की संपत्ति वाले उम्मीदवार हैं, तो दूसरी तरफ ऐसे प्रत्याशी भी हैं जिनके खाते में 12 रुपए तक हैं। कहीं उम्मीदवारों की संपत्ति करोड़ों में है, तो कहीं प्रत्याशियों के नाम पर 50 हजार रुपए की भी संपत्ति नहीं।
यानी इस बार निकाय चुनाव में वोटर के सामने सिर्फ यह सवाल नहीं है कि कौन किस पार्टी से है, बल्कि उम्मीदवारों के हलफनामे यह भी बता रहे हैं कि कौन कितनी संपत्ति के साथ पार्षद बनने की दौड़ में उतरा है।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

मौसम अपडेट: एमपी के जबलपुर-छिंदवाड़ा में बारिश का अलर्ट, राजस्थान में भी बरसेंगे बादल, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा | Weather Update Weather News 5 October Ka Mausam Aaj Ka Mausam

अब गांव की सरकार चुनने की बारी, जयपुर की 22 पंचायत समितियों और 597 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव

यूथ कांग्रेस चुनाव: राजस्थान में 42% तो उदयपुर में 38% फॉर्म निरस्त, वोटों में कटौती से बिगड़े समीकरण - Udaipur News


